दिग्विजय का ऑफर न तो ठुकराया, न स्वीकारा : गौर

गौर का एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें वे मोदी से अपना वादा निभाने की मांग कर रहे हैं

भोपाल। राजनीति हलचल मे पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर ने एक वीडियो के माध्यम से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह का ऑफर न तो ठुकराया है, न ही स्वीकार किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपना वादा निभाने की मांग भी की है। गौर ने रविवार को कहा कि सिंह ने उन्हें कांग्रेस के टिकट पर भोपाल से लोकसभा चुनाव लड़ने का ऑफर दिया था। यह प्रस्ताव अभी विचारणीय है। इस पर कोई निर्णय नहीं लिया है।

इधर, गौर का एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें वे मोदी से अपना वादा निभाने की मांग कर रहे हैं। वीडियो में वे कह रहे हैं कि मोदी कार्यकर्ता महाकुंभ में भोपाल आए थे, तब उन्होंने कहा था 'बाबूलाल गौर, एक बार और'। वीडियो में वे 'जो वादा किया वो निभाना पड़ेगा' गाना गा रहे हैं। इसके बाद वे 'तुमको मुझे टिकट देना पड़ेगा' कहते भी नजर आ रहे हैं।

उनके इस बयान को भोपाल लोकसभा के टिकट से जोड़कर देखा जा रहा है। इस बारे में गौर ने कहा कि हमारी पार्टी में टिकट मांगी नहीं जाती। सर्वे के आधार पर जीतने वाले को टिकट दिया जाता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post