सोशल मीडिया महत्व को देखते हुए बीजेपी ने आगामी लोकसभा चुनाव 2019 में जीत के लिये इस प्लेटफार्म पर अपनी गतिविधियां बढ़ाने के उद्देश्य से विस्तृत योजना तैयार की है जिसमें एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'नमो एप' (Namo App) का उपयोग करने के गुर सिखायेंगे तो दूसरी ओर फरवरी के अंत में करीब 10 दिनों तक अलग-अलग क्षेत्रों में आईटी कार्यकर्ताओं का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: महागठबंधन पर पीएम का तंज, चौकीदार को हटाने को दलों ने भुलाए मतभेद
पार्टी के एक पदाधिकारी ने न्यूज एजेंसी भाषा को बताया कि 2 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नमो एप के माध्यम से पूरे देश के आईटी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे तथा उन्हें सूचना प्रौद्योगिकी की महत्ता पर जरूरी सीख भी देंगे। बीजेपी ने 21 फरवरी से 3 मार्च तक अलग अलग क्षेत्रों में आईटी कार्यकर्ताओं का सम्मेलन आयोजित करने का कार्यक्रम रखा है। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
ये भी पढ़ें:खुद के सपनों को देश के सपने से जोड़ने के लिए जरूर डालें वोट: पीएम मोदी
पदाधिकारी ने बताया कि पार्टी ने हर बूथ पर सोशल मीडिया कर्मियों की टीम बनाई है और हर टीम में सोशल मीडिया के खासे जानकार कम से कम पांच पार्टी कार्यकर्ता हैं। इस पहल का मकसद सरकार की जन कल्याण योजनाओं के लाभार्थियों तक पार्टी की पहुंच बनाना है। इसके तहत लाभार्थियों की सूची कार्यकर्ताओं तक पहुंचाई जा रही है।
सूत्रों ने बताया कि सरकार की जन कल्याण योजनाओं के लाभार्थियों की सूची क्षेत्र के कार्यकर्ताओं तक पहुंचाने का काम अंतिम चरण में है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया सम्मेलनों में आईटी विभाग के मंडल स्तर तक के कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसके लिये पार्टी एक से आठ फरवरी तक सोशल मीडिया वालंटियर्स पंजीकरण अभियान चलायेगी।

Post a Comment