मुकेश प्रजापति
खनियांधाना । जिले के खनियांधाना महल में स्थित रामजानकी मंदिर से चोरी गए सोने के 51 किलो वजनी कलश को चुराने वाले चोर दतिया पुलिस ने पकड़े और शिवपुरी पुलिस ने उनसे पूछताछ की। पुलिस ने चोरों से पूछताछ के बाद रविवार को एसपी राजेश हिंगणकर ने खनियांधाना में पे्रस कान्फ्रेंस करके कलश के संबंध में जो जानकारी चोरों के हवाले से दी, वो चौंकाने वाली है। उन्होंने कहा कि जिस कलश को 15 करोड़ कीमत का 51 किलो सोने का बताया गया, चोरों ने उसमें महज 48 ग्राम सोना होना बताया। पुलिस की इस प्रेस कान्फ्रेंस के बाद अब राज परिवार व पुलिस आमने-सामने आ गई। इतना ही राज परिवार के सदस्य व खनियांधाना नगर पंचायत अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह का कहना है कि पुलिस अपनी नाकामी छुपाने झूठी प्रेस कान्फ्रेंस करके अनर्गल बातें कर रही है।
पुलिस ने बताई चोरी की कहानी, चोरों की जुबानी
खनियांधाना थाने में प्रेस कान्फ्रेंस करने पहुंचे एसपी राजेश हिंगणकर व एएसपी गजेंद्र सिंह कंवर ने कहा कि कलश चोरी के मामले में पकड़े गए अजय पटवा व विनोद अहिरवार ने पूछताछ में बताया कि राकेश सोनी सुपर मार्केट दतिया, कोमल ढीमर निवासी आगरा, मुन्ना राजा परमार निवासी ग्राम आगरा अजय पटवा निवासी मावई, हुकुम सिंह लोधी निवासी थाना रक्षा जिला झांसी से हमारी दोस्ती है। आज से करीब 8 माह पूर्व बरसात का समय था हम सभी लोग राकेश सोनी दतिया के बुलाने पर उसकी दुकान पर दतिया में इक_ा हुए थे। राकेश ने कहा कि खनियांधाना आता-जाता रहता हूं, वहां मेरी रिश्तेदारी है। राजा साहब के मंदिर पर सोने का कलश देख कर आया हूं उसे उतार कर लाते हैं। तब हम सभी 6 लोग दो मोटरसाइकिल से रात 11 बजे खनियांधाना आए। यहां दोनों बाइक एक बाउंड्री में खड़ी कर दी तथा 2 घंटे तक उसी बाउंड्री के पास बैठ कर चोरी करने की योजना बनाते रहे। रात करीब 1 बजे सभी साथी गुंबद पर चढ़े और तोता पाना से कलश को खोलकर बोरी में रखकर बाइक से ही दतिया ले गए। कलश का वजन 12 किलो था।
केमिकल में गलाया तो 48 ग्राम निकला सोना
चोरों के हवाले से पुलिस ने बताया कि कलश चोरी करने के बाद जब उसे तेजाब व अन्य केमिकल में गलाया तो कलश में महज 48 ग्राम सोना निकला। कलश पीतल का था, जिसमें सोने का पानी चढ़ा हुआ था। चूंकि सोना 48 ग्राम ही निकला, इसलिए हम 6 साथियों ने उसमें से 8 -8 ग्राम सोना बांट लिया। इस मामले के पांच आरोपी तो गिरफ्तार कर लिए गए, लेकिन कोमल ढीमर निवासी दतिया अभी फरार है।
राज परिवार ने पुलिस कॉन्फैंस पर उठाए सवाल
खनियांधाना नगर पंचायत अध्यक्ष व राज परिवार के सदस्य शैलेंद्र राजा बुंदेला का कहना है कि पुलिस अपनी नाकामी छुपाने के लिए इस तरह की प्रेस कॉन्फ्रेंस करके अनर्गल जानकारी दे रही है। शिवपुरी पुलिस ने तो इस मामले में कुछ भी नहीं किया, चोर तो दतिया पुलिस ने पकड़े थे। उसके बाद जो कहानी पुलिस बता रही है, उसमें कोई सच्चाई नहीं है, क्योंकि यह महल खनियांधाना स्टेट के समय का है तथा मंदिर में लगा कलश लगभग सौ साल से अधिक पुराना था। पुलिस या तो किसी दवाब में है या फिर कुछ और कारण है। शैलेंद्र राजा का कहना है कि कलश की सच्चाई के लिए हम सोमवार को खनियांधाना के उम्रदराज लोगों को बुलाकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, जिसमें कलश की सच्चाई स्थानीय लोग ही बताएंगे।




Post a Comment